डूटा के तीन बार अध्यक्ष रहे आदित्य नारायण मिश्रा का संगठन कांग्रेस में विलय

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) के तीन बार निर्वाचित अध्यक्ष रहे डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा के नेतृत्व वाले ‘शिक्षा के लिए कार्रवाई एवं विकास’ (एएडी) का सोमवार को कांग्रेस के शिक्षक संगठन इंटेक में विलय हो गया और डॉ. मिश्रा अपने साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गये। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन तथा कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने डॉ. मिश्रा और उनके साथियों का कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डा मिश्रा के कांग्रेस में शामिल होने से शिक्षा तथा छात्रों के मुद्दों पर पार्टी के संघर्ष को मजबूती मिलेगी।

श्री यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. मिश्रा तीन बार डूटा के निर्वाचित अध्यक्ष रहे हैं और उन्होंने शिक्षकों तथा छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि आज देश के छात्रों को दिशा देने की जरूरत है और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन मिलने पर आने वाला भविष्य सही रास्ते पर आगे बढ़ेगा। श्री निजामुद्दीन काजी ने कहा कि डॉ. मिश्रा ऐसे समय कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं जब सरकारी नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि छात्रों का दमन हो रहा है और कांग्रेस को उम्मीद है कि डॉ. मिश्रा के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी के संघर्ष को बल मिलेगा।
श्री गौतम ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र और प्रोफेसर डॉ. मिश्रा पर बहुत विश्वास करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था खत्म हो रही है और इसी कारण लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे हैं तथा डॉ. मिश्रा इस लड़ाई को आगे ले जाएंगे। डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनके सभी साथी जिम्मेदारी के साथ कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और आने वाले समय में विश्वविद्यालयों, गलियों तथा हर जगह संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि जो जहां लड़ेगा, वह और उनके साथी उसके साथ खड़े रहेंगे तथा राहुल गांधी के हर संघर्ष में उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा पर लगातार हमला हो रहा है, विश्वविद्यालयों की अनुदान राशि 50 प्रतिशत तक कम कर दी गयी है और फीस लगातार बढ़ रही है। श्री मिश्रा पहले कांग्रेस को छोडकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये थे और आज फिर कांग्रेस में लौट आये हैं। इससे जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पीछे नहीं देखते हैं आगे की सोचते हैं।

.....

Next Post

दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच होगी वरिष्ठ स्तर की रक्षा वार्ता

Mon Sep 14 , 2026
सोल, 14 सितंबर (वार्ता) दक्षिण कोरिया और अमेरिका इस सप्ताह वरिष्ठ स्तर की नियमित रक्षा वार्ता करेंगे। क्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि कोरिया-अमेरिका एकीकृत रक्षा संवाद (केआईडीडी) साल में दो बार होता है जो बुधवार से शुक्रवार तक दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर बुसान में आयोजित होगा। […]

You May Like