इंदौर: खजराना गणेश मंदिर परिसर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने पैदल जा रहे अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्डों ने तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद वाहन चालक कार सहित मौके से भाग निकला.
मृतक अरुण नागले पिता लक्ष्मीनारायण नागले, (46)निवासी छोटी ग्वालटोली है. परिजनों ने बताया कि अरुण पेशे से पेंटर थे और रविवार को खजराना क्षेत्र में ही किसी काम के सिलसिले में आए हुए थे. दोपहर के समय वे मंदिर परिसर स्थित भोजनशाला के पास भोजन लेने गए थे. वहां से जब वे पैदल वापस लौट रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें चपेट में ले लिया.टक्कर इतनी तेज थी कि अरुण गंभीर रूप से चोटिल होकर वहीं गिर पड़े.
मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उन्हें एमवाय अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि घटना के करीब दो घंटे बाद परिजनों को हादसे की सूचना मिली, जिससे घर में कोहराम मच गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं. खजराना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार व उसके चालक की पहचान करने में जुटी है.
