ऐप में बढ़ता रहा मुनाफा, रकम निकालने पहुंचे तो ठगों ने मांगे और पैसे

इंदौर. साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी का नया तरीका अपनाते हुए पहले फर्जी दस्तावेजों से भरोसा जीता और फिर मोबाइल ऐप पर निवेश की रकम का मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाते रहे. स्वामी दयानंद नगर के एक व्यक्ति ने जब अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने और रुपए जमा करने को कहा, इसके बाद संपर्क बंद कर दिया. मामले में 7.50 लाख रुपए की ठगी की शिकायत राजेंद्र नगर थाने में हुई है.

स्वामी दयानंद नगर में रहने वाले फिरोज खान पिता शकील खान को कुछ समय पहले अनजान नंबर से कॉल आया था. कॉल करने वाले ने खुद को एक नामी ब्रोकरेज कंपनी का प्रतिनिधि बताया और शेयर बाजार में निवेश से कम समय में बड़ा रिटर्न मिलने का दावा किया. बातचीत के दौरान ठगों ने वॉट्सऐप पर अमनसा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से सेबी रजिस्ट्रेशन का प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज भेजे. दस्तावेज देखकर फिरोज को कंपनी के अधिकृत होने का भरोसा हो गया. इसके बाद आरोपियों के कहने पर उन्होंने मोबाइल में मार्केट वोल्फ ऐप इंस्टॉल किया. ऐप के जरिए भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में 7.50 लाख रुपए जमा करा दिए. रकम जमा होने के बाद ऐप पर फिरोज के खाते में लगातार मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता रहा. स्क्रीन पर रकम देखकर उन्हें लगा कि निवेश पर अच्छा रिटर्न मिल रहा है. कुछ समय बाद उन्होंने मूलधन और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने निकासी के लिए अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा. यहीं फिरोज को पूरे खेल पर शक हुआ. उन्होंने ऐप के एडमिन और मैनेजर से संपर्क किया, लेकिन दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया. इसके बाद उन्हें समझ आया कि ऐप पर दिखाई जा रही कमाई महज झांसा थी और असल में उनकी रकम ठग ली गई है. राजेंद्र नगर थाना प्रभारी यशवंत बड़ोले ने बताया कि शिकायत के आधार पर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

राष्ट्रपति मुर्मू के 'एट होम रिसेप्शन' में शामिल होंगे कार्तिक आर्यन

Fri Aug 14 , 2026
मुंबई , 14 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘एट होम रिसेप्शन’ में शामिल होंगे।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस औपचारिक समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होती हैं। इनमें […]

You May Like