दो बाइकों की भिड़ंत में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, एक युवक घायल, दूसरा बाइक सवार मौके से फरार 

नीमच। जीरन थाना क्षेत्र में पालसोड़ा-झारड़ा मार्ग पर रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट कमलेश रावत और पीएमटी परमानंद पाटीदार मौके पर पहुंचे। सडक़ पर घायल अवस्था में पड़े हकीम पिता फकीर मोहम्मद मुल्तानी, उम्र करीब 70 वर्ष, निवासी बोतलगंज, जिला मंदसौर और अनिल मालवीय को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हकीम को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हकीम अपनी बाइक से बोतलगंज से नीमच की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से विशाल मेघवाल और अनिल पिता गोपाल मालवीय बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। पलसोड़ा-झारड़ा मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सडक़ पर जा गिरे।

हादसे के बाद विशाल मेघवाल मौके से फरार हो गया, जबकि हकीम और अनिल बेहोशी की हालत में सडक़ पर पड़े थे। घायल अनिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, हकीम की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि हकीम पेमेंट के सिलसिले में बोतलगंज से नीमच आ रहे थे, इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

Next Post

तीन दिन से दहशत का पर्याय बना था ढाई फीट लंबा सांप

Sun Sep 13 , 2026
जबलपुर। गढ़ा थानांतर्गत गढ़ा बाजार पुराने स्टेट बैंक के बगल में रहने वाले जवाहर लाल सेन के कच्चे मकान में विगत तीन दिन से एक बादामी रंग का पीली गोल धारी वाला ढाई फीट लंबा सांप दहशत का पर्याय बना हुआ था। कभी वाशरूम कभी रसोई कक्ष में तो कभी […]

You May Like