
सिंगरौली । जिला मुख्यालय के प्रमुख राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में खेल और सार्वजनिक गतिविधियों के बीच मूलभूत सुविधाओं की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यहां बने सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से खराब पड़े हैं।
स्टेडियम के चारों कोनों में बनाए गए शौचालयों में यूरिनल सहित कई सुविधाएं खराब हो चुकी हैं। स्थानीय दुकानदारों और नियमित रूप से स्टेडियम आने वाले लोगों के अनुसार यह समस्या करीब तीन-चार वर्षों से बनी हुई है। शौचालय उपयोग के लायक नहीं होने से लोगों को खुले में जाने की मजबूरी बनी हुई है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में प्रशासनिक, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। खेल गतिविधियों के लिए बच्चे और युवा भी नियमित रूप से पहुंचते हैं।
परिसर के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें होने से दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद शौचालयों की स्थिति में लंबे समय से सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों के मुताबिक पूर्व में मरम्मत कराई गई थी, लेकिन काम पूरा नहीं होने से समस्या दोबारा बनी रही। वहीं स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने ननि से शौचालयों का तत्काल निरीक्षण कराकर खराब यूरिनल और अन्य सुविधाओं की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही नियमित सफाई, रखरखाव और मेंटेनेंस की स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई गई है, ताकि खिलाड़ियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
