इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आधी रात करीब साढ़े तीन बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थार प्रतीक सेतु पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। टक्कर के दौरान गाड़ी के एयरबैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि जिस समय थार नीचे गिरी, उस वक्त सड़क पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने गाड़ी में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चालक ने नशा किया था या नहीं।
