
सिंगरौली/देवसर, ग्राम पंचायत सहुआर क्षेत्र में रेलवे लाइन में बने मकानों के पास बह रही कोतरी नदी में 13 वर्षीय बालक के बहने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बादल साहू पिता लालू साहू, उम्र 13 वर्ष, नदी में बह गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर नदी में उतरकर बालक की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने नदी के अलग-अलग संभावित स्थानों पर काफी देर तक खोजबीन की। वही पंचायत सरपंच वरुण द्विवेदी ने भी स्वयं नदी में उतरकर तलाश अभियान में सहयोग किया।
वहीं समाजसेवी एवं कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष गुलाम नबी भी मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर ग्रामीणों के साथ बालक की तलाश में सहयोग किया। उनके अनुसार, क्षेत्र के बच्चे अक्सर कोतरी नदी में नहाने के लिए आते हैं। इसी दौरान बालक के नदी में बहने की सूचना सामने आई।
अंधेरा बना तलाश में बाधा
रात होने के कारण नदी में तलाश अभियान चलाने में काफी परेशानी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू विभाग सुबह उजाला होने का इंतजार कर रहा है। सुबह पर्याप्त रोशनी होने के बाद रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की उम्मीद है।
फिलहाल बालक के मिलने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजन और ग्रामीण सुबह होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम की कार्रवाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
