
भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी दीपक बाबरिया का शनिवार को 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने अहमदाबाद के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद अंतिम सांस ली।
दीपक बाबरिया अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव भी रह चुके थे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के दौरान वे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में रहे।
राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले बाबरिया ने हरियाणा और दिल्ली में भी कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारियां संभाली थीं। संगठनात्मक मामलों में उनके अनुभव और योगदान के कारण पार्टी में उन्हें महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था।
उनके निधन पर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दीपक बाबरिया के निधन को कांग्रेस संगठन के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
