कांग्रेस के 55 साल के शासन में कितने गरीब गरीबी से बाहर निकले बताए: सैनी

चंडीगढ़ 11 सितंबर (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन वह आज तक यह नहीं बता पाई कि उसके शासनकाल में कितने लोग गरीबी से बाहर निकले। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।

पंचकूला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम का मुकाबला करने के लिए न कोई नीति है और न ठोस एजेंडा। इसलिए कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री को बदनाम करने के लिए दूसरों की लिखी स्क्रिप्ट लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा और समर्पण को देख चुकी है।

श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान गरीबों के आंकड़े तो रखे जाते थे, लेकिन कितने लोग गरीबी से बाहर निकले, इसका हिसाब नहीं था। प्रधानमंत्री ने गरीबों की गरिमा और जीवन स्तर को नीतियों के केंद्र में रखा। हरियाणा में करीब 16 लाख गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर में करीब 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा दी। जब लाल किले से शौचालय निर्माण की बात कही गई, तब कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का मजाक नहीं, बल्कि उन गरीब महिलाओं की गरिमा का मजाक उड़ाया, जिनके घरों में शौचालय तक नहीं थे।

उन्होंने कोविड काल में कांग्रेस पर वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के लिए खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहल शुरू की गईं। हरियाणा में 12,500 से अधिक स्टार्टअप और 19 यूनिकॉर्न कंपनियां उभर चुकी हैं।

श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान करने से कांग्रेस को जनता का विश्वास नहीं मिलेगा। विपक्ष को सरकार का विरोध करने का अधिकार है, लेकिन उसके पास मुद्दे और ठोस एजेंडा होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल प्रधानमंत्री को कोसने तक सीमित रह गई है।

पंजाब में नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने से पहले नशामुक्ति के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब उन वादों और जमीनी हकीकत का अंतर जनता के सामने है।

Next Post

सतवास माया शर्मा हत्याकांड में दूसरे दिन भी साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस, CCTV फुटेज खंगाले

Fri Sep 11 , 2026
सतवास। पुनर्वास बस्ती में 55 वर्षीय माया शर्मा की हत्या और उनकी बेटी रानू पर जानलेवा हमले के मामले में शुक्रवार को भी पुलिस दिनभर साक्ष्य जुटाने में लगी रही। मृतका के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया गया तथा शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया […]

You May Like