रायपुर 25 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पचास साल पूर्व देश में लगाया गया आपातकाल केवल 2.5 साल तक था लेकिन पिछले 11 सालों से भाजपा का ‘आपातकाल’ न जाने कब तक चलेगा।
श्री बघेल ने बुधवार को कहा कि आपातकाल के आज 50 साल पूरे हो गए हैं। इसे लेकर भाजपा देशभर में ‘संविधान हत्या दिवस’ मना रही है। इसको लेकर बघेल ने कहा कि वो आपातकाल 2.5 साल तक था लेकिन ये तो 11 साल से लगा है और आगे न जाने कब तक चलेगा।
श्री बघेल ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी में हिम्मत थी कि उन्होंने इमरजेंसी लगाई और संविधान के तहत लगाई। बाद में हमारे नेताओं ने स्वीकार किया कि अन्याय हुआ, कुछ लोगों ने दुरुपयोग किया। लेकिन इंदिरा गांधी ने स्वयं इमरजेंसी हटाई, खुद चुनाव कराया। श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश में घोषित आपातकाल लगाया था लेकिन पिछले 11 साल में अघोषित आपातकाल लगा है।
उन्होंने कहा कि नेताओं, मीडिया, उद्योगपतियों पर कार्रवाई की जा रही। वो आपातकाल 2.5 साल तक था लेकिन ये तो 11 साल से लगा है और आगे न जाने कब तक चलेगा। लेकिन पिछले ग्यारह साल से हम देख रहे हैं अघोषित आपातकाल लगा हुआ है। लोकसभा में देखा गया ‘अबकी बार 400 पार’ संविधान बदलने के लिए किया गया।
बघेल ने कहा कि कैग की रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं होती, पिक एंड चूज़ की स्थिति है। राज्य, केंद्र के अधिकार में कटौती की जा रही है। यूनिवर्सिटी में आरएसएस के लोगों की नियुक्ति की जा रही है। न्यायपालिका को दबाने की कोशिश की जा रही। पहले औद्योगिक मामले में उद्योगपति अपनी बात रखते थे। मीडिया में पूरी तरह से नियंत्रण है। कोई मीडिया हाउस सरकार की नीतियों के खिलाफ कार्यक्रम चला दे तो उनके यहां सीबीआई, आईटी,ईडह पहुंच जाती है। यह कार्रवाई बिना इमरजेंसी लगाए की जा रही है।
श्री बघेल ने आगे कहा कि विपक्ष के खिलाफ लगातार कराई जा रही। जो भाजपा में शामिल हो जाता है वो वॉशिंग मशीन में धुल जाता है। नेता विरोध में बात करते हैं तो जेल में फेंक दिया जाता है, उसके यहां एजेंसियां पहुंचती है।
