
शुजालपुर, कृषि उपज मंडी शुजालपुर की सिटी स्थित फल सब्जी मंडी में प्याज की बंपर आवक के चलते बुधवार को स्थिति ऐसी बनी कि सिटी प्रांगण का मुख्य द्वार भी लगाना पड़ा. रायपुर मार्ग से लेकर पचोर रोड तक प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार नजर आई. मंडी परिसर में जगह कम पडऩे के कारण किसानों को अपनी उपज के साथ बाहर इंतजार करना पड़ा.
एक दिन पूर्व किसानों की हड़ताल के कारण मंडी में उपज की आवक प्रभावित हुई थी. इसके बाद आगामी अवकाश के चलते मंडी में नीलामी नहीं होने की जानकारी के बीच किसान बड़ी संख्या में उपज लेकर पहुंचे. इससे मंडी में अचानक आवक का दबाव बढ़ गया. क्षेत्र में इस वर्ष प्याज का उत्पादन अच्छा बताया जा रहा है. शुजालपुर क्षेत्र की गुणवत्तापूर्ण प्याज की मांग प्रदेश के साथ देश के विभिन्न राज्यों में रहती है. ऐसे में आवक बढऩे के साथ मंडी परिसर और आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है.
चार दिन रहेगी मंडी बंद…
एक दिन बंद रहने के बाद गुरूवार को मंडी में कामकाज हुआ और आगामी चार दिन लगातार मंडी में निलामी प्रक्रिया नहीं होगी. मिली जानकारी अनुसार मंडी में 11 सितंबर को अमावस्या अवकाश, 12 सितंबर को दूसरा शनिवार होने से, 13 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश तथा 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी का अवकाश रहेगा. मंडी प्रशासन ने किसानों से अवकाश के दिनों में अपनी उपज नहीं लाने की अपील की.
