मुआवजा और मृत्यु प्रमाण पत्र के एवज में 47 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

पन्नाा, मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने पन्ना में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनवार (हल्का नंबर 20) में पदस्थ पटवारी संतोष कुमार चिकवा को 47,000 की रिश्वत लेते हुए जिला अस्पताल पन्ना के मुख्य गेट के सामने से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशों और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

मुआवजा और प्रमाण पत्र के नाम पर मांग रहा था 80 हजार रूपये – शिकायतकर्ता दयाराम आदिवासी निवासी ग्राम गहदरा, हाल खजरीकुढ़ार के अनुसार, उनके मौसेरे भाई रामगोपाल आदिवासी के परिवार की जमीन दौधन बांध निर्माण के कारण डूब क्षेत्र में आ गई थी। शासन द्वारा विस्थापन और पुनर्वास हेतु पहले 2,19,600 रूपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई थी, जो कम होने पर अपील के बाद बढ़ाकर 63,989 रूपये अतिरिक्त उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इसके अलावा, रामगोपाल की स्वर्गीय दादी रतिया बाई के नाम की जमीन का पैसा भी परिजनों के खाते में आना शेष था, जिसके लिए रतिया बाई का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना अनिवार्य था। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक पटवारी प्रतिवेदन जारी करने तथा खातों में आई मुआवजा राशि के ष्इनामष् के तौर पर पटवारी संतोष चिकवा लगातार 80,000 रूपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

30 हजार ले चुका था पहले, शेष राशि लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा – पीड़ित परिवार आरोपी पटवारी को पहले ही 30,000 रूपये की किश्त दे चुका था। इसके बावजूद पटवारी शेष 50,000 रूपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था। परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का गुप्त सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत मांगने की बात पूरी तरह सत्य पाई गई। योजना के मुताबिक, 10 सितंबर को लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप का जाल बिछाया। जैसे ही फरियादी ने जिला चिकित्सालय पन्ना के गेट पर पटवारी संतोष चिकवा को 47,000 की रिश्वत थमाई, वैसे ही सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलवाए जाने पर रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई जारी – इस सफल ट्रैप कार्रवाई को उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके, निरीक्षक रंजीत सिंह और लोकायुक्त पुलिस सागर के स्टाफ ने अंजाम दिया। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

इंग्लैंड को मिली 320 रन की विशाल बढ़त

Thu Sep 10 , 2026
बर्मिंघम, 10 सितम्बर (वार्ता) हैरी ब्रूक (75), डैन लॉरेंस (65), जैमी स्मिथ (69) और ऑली रॉबिन्सन (50) की शानदार अर्धशतकीय पारियों से इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन गुरूवार को 453 रन बनाकर पहली पारी में 320 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली। […]

You May Like