
इंदौर. किराए पर वाहन लेकर उन्हें वापस नहीं लौटाने का मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सामने आया है. आरोपी ने अनुबंध के जरिए एक-दो नहीं, बल्कि सात चार पहिया वाहन किराए पर लिए. कुछ समय बाद किराया देना बंद कर दिया और वाहन लौटाने से भी इनकार कर दिया. इनमें से तीन कारें अलग-अलग जगह लावारिस हालत में मिलीं, जबकि चार कारें अब भी आरोपी के कब्जे में हैं. नायता मुंडला निवासी अन्नू पटेल ने साल्या खेड़ी, सुसनेर निवासी विशाल पिता मोहन पाटीदार को एग्रीमेंट कर सात कारें किराए पर दी थीं. अनुबंध के मुताबिक आरोपी को हर महीने तय किराया देना और अवधि पूरी होने पर वाहन वापस करना था. कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन बाद में उसने किराया देना बंद कर दिया. फरियादी ने जब किराए और वाहनों को लेकर तकादा किया तो आरोपी टालमटोल करने लगा. इसी दौरान पता चला कि सात में से तीन कारें अलग-अलग स्थानों पर लावारिस हालत में खड़ी हैं। शेष चार कारें वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद अन्नू पटेल ने तेजाजी नगर थाने में शिकायत की. पुलिस ने विशाल पाटीदार के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश के साथ चारों कारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है.
