
सतना, शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को चित्रकूट पहुंचकर विगत दिनों मंदाकिनी नदी में आई बाढ के फलस्वरूप प्रभावित हुए परिवारों से रूबरू चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घडी में सरकार आपके साथ खडी है। राहत और पुनर्वास के कार्यो में कोई कमी नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात कर बाढ की परिस्थितियों के दौरान हुई क्षति के बारे में भी जानकारी ली। चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय में चित्रकूट के बाढ प्रभावितों को प्रभारी मंत्री ने राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, प्रबल श्रीवास्तव, शंकर दयाल त्रिपाठी, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीएमओ अंकित सोनी, तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने इस दौरान जिन प्रभावित परिवारों के घर पूरी तरह से क्षति ग्रस्त हो गये हैं। उन्हें 1 लाख 20 हजार रूपये की सहायता राशि के प्रतीक चेक और राशन सामग्री तथा कंबल, वस्त्र इत्यादि प्रदान किये। इसी प्रकार उन्होंने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी-किताबें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। प्रभारी मंत्री ने स्कूली छात्र मोहित पाल, शिवा राजपूत, आशीष, अनिरूद्ध द्विवेदी को उनकी कक्षा की पाठ्य-पुस्तकें, कॉपियां एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित करते हुए कहा कि तीन-चार दिन की परेशानी हुई है। इस घडी में सरकार आपके साथ है। बच्चों की पढाई में कोई कठिनाई नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने बच्चों से कहा कि अच्छी तरह मेहनत से पढाई करें और भविष्य में अपना मुकाम हासिल करें। प्रभारी मंत्री ने मनीष दहायत और जानकी यादव सहित अन्य दुकानदारों को उनकी दुकान का समान नष्ट होने पर पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10-10 हजार रूपये के प्रतीक चेक प्रदान किये। प्रभारी मंत्री ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रभावितों को स्वीकृत सहायता के अंतर्गत राहत राशि 50 किलो खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की सामग्री तथा कंबल, कपडे वितरित किये। उन्होंने बताया कि सभी प्रभावितों का नुकसानी सर्वे पूर्ण कर उन्हें स्वीकृत सहायता राशि उनके खाते में भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ उनके पुनर्वास और आवश्यक सुविधाओं की बहाली के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भगवान कामतानाथ की कृपा से चित्रकूट में आई भीषण बाढ से जनहानि नहीं हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस विपदा की घडी में सीधे आपके पास पहुंचे और निरंतर मदद की चिन्ता की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में यहां आपको राहत पहुंचाने आया हूं। शासन, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों ने मिलकर सहयोग किया। जिससे बाढ की विभीषिका में लोगों की जान बचाई जा सकी है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ पीडितों की मदद में कभी पीछे नहीं हटेगी।
*प्रभारी मंत्री ने भोजन को चखकर परखी गुणवत्ता*
मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा सतना जिले के प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद चित्रकूट द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री श्री विजयवर्गीय ने रसोई में स्वयं पूड़ी-सब्जी को चखकर उसकी गुणवत्ता और स्वाद की जांच की। नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल ने उन्हें बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए नगर परिषद द्वारा 30 अगस्त से सुबह-शाम भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार सभी प्रभावित क्षेत्रों में भोजन के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं।
