
इंदौर। शहर में आने वाले दिनों में त्योहारों पर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आज शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में जुलूस मार्गों पर यातायात, पंडालों में सुरक्षा, सीसीटीवी और शोर शराबे पर नियंत्रण रखने का निर्णय लिया गया।
आज कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई. आने वाले दिनों में हरतालिका तीज, गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी चल समारोह, नवरात्रि, दशहरा, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपावली, गोवर्धन पूजा तथा जनजातीय गौरव दिवस, गुरूनानक जयंती सहित कई त्योहारों की तैयारियों पर प्रशासनिक एवं विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. बैठक में जुलूस मार्गों पर सुगम यातायात के लिए छोटे आकार के मंच, पंडालों में सीसीटीवी से निगरानी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, डीजे पर प्रतिबंध, मिलावट और अवैध शराब के विरुद्ध सख्ती बरतने पर जोर दिया गया.
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी त्योहारों के आयोजकों एवं शांति समिति के प्रतिनिधियों के साथ अलग समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें सुरक्षा व्यवस्था, मंचों के निर्धारित डायमेंशन, डीजे की ध्वनि सीमा, सीसीटीवी, अग्नि सुरक्षा एवं जुलूस मार्गों से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी. कलेक्टर वर्मा ने त्योहारों एवं जुलूसों के दौरान एम्बुलेंस वाहनों की निर्बाध आवाजाही करने के साथ पुलिस बल एवं नगर निगम की टीमों को पूरी मुस्तैदी से तैनात रखने के निर्देश दिए गए. बैठक में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.
