
सीधी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागलाल दिनकर के मार्गदर्शन में 12 सितम्बर शनिवार को जिला न्यायालय सीधी सहित सिविल न्यायालय चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने तथा आमजन को लोक अदालत के लाभों की जानकारी देने के उद्देश्य से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयागलाल दिनकर ने जिला न्यायालय परिसर सीधी से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पम्पलेट एवं फ्लैक्स बैनरों के जरिए नेशनल लोक अदालत तथा विद्युत प्रकरणों में उपलब्ध विशेष छूट की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयागलाल दिनकर ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक एवं सिविल प्रकरण, विद्युत अधिनियम, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण के लंबित प्रकरण तथा नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं दूरसंचार से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी समझौते एवं सुलह के आधार पर नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों के बीच आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आमजन एवं संबंधित पक्षकारों से अपील की कि वे नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने प्रकरणों का निराकरण कराएं।
इस अवसर पर यतीन्द्र कुमार गुरू विशेष न्यायाधीश एवं प्रभारी अधिकारी नेशनल लोक अदालत, दीपक शर्मा प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, मनीष कुमार श्रीवास्तव द्वितीय जिला न्यायाधीश, सतीशमणि त्रिपाठी प्रथम जिला न्यायालय के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सीधी, विनोद कुमार वर्मा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, मुकेश कुमार शिवहरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी, सोनू जैन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, सरिता चौधरी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, आकर्ष मिश्रा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, मनीष कौशिक जिला विधिक सहायता अधिकारी, सचिव अधिवक्ता संघ रवीन्द्र कुमार गौतम, डिप्टी चीफ एलएडीसीएस विनोद कुमार श्रीवास्तव, बाबूलाल सिंह, असिस्टेंट एलएडीसीएस सत्यप्रकाश पाण्डेय, ऋषभ सिंह सहित विद्युत विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी, पैनल लायर्स, अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
