बीकानेर मिष्ठान की रसमलाई में निकली इल्ली, बेकरी के केक से बदबू; विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र

सौसर, नगर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों में अमानक और दूषित खाद्य सामग्री परोसे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार की रसमलाई में इल्ली पाए जाने तथा बस स्टैंड स्थित नॉवेल्टी बेकरी में बेचे जा रहे केक से बदबू आने की शिकायत पर खाद्य विभाग द्वारा मंगलवार को की गई जांच में यह पूरा मामला उजागर हुआ। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय विधायक विजय रेवनाथ चौरे ने पांढुरना कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषी प्रतिष्ठानों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

 *​स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़, पहले भी मिली थीं शिकायतें-*

विधायक चौरे ने कलेक्टर को प्रेषित पत्र में उल्लेख किया है कि खाद्य विभाग की जांच में इस प्रकार का गंभीर दूषण पाया जाना विक्रेता और प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। यदि समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाता, तो यह किसी बड़े हादसे या गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता था। यह सीधे तौर पर आम नागरिकों की सेहत और मानव जीवन के साथ खिलवाड़ है। विधायक ने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि उक्त मिष्ठान भंडार को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें सामने आती रही हैं।

 *​FSSAI नियमों के तहत हो कठोर कार्रवाई-* 

विधायक ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सभी खाद्य दुकानों और होटलों की समय-समय पर नियमित जांच करने तथा खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में कोई भी जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।

Next Post

कान्हा टाइगर रिजर्व में 14 से 20 सितंबर तक होगा हाथियों का पुनर्यौवन कैंप

Wed Sep 9 , 2026
बालाघाट, कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण एवं अनुश्रवण के कार्यों में वर्षभर नियमित सहयोग देने वाले हाथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से 14 से 20 सितंबर 2026 तक परिक्षेत्र सुपखार […]

You May Like