कान्हा टाइगर रिजर्व में 14 से 20 सितंबर तक होगा हाथियों का पुनर्यौवन कैंप

बालाघाट, कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण एवं अनुश्रवण के कार्यों में वर्षभर नियमित सहयोग देने वाले हाथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से 14 से 20 सितंबर 2026 तक परिक्षेत्र सुपखार में हाथियों के पुनर्यौवन (रिजुविनेशन) कैंप का आयोजन किया जाएगा।

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं, जिनमें 9 नर, 6 मादा एवं एक नवजात हाथी बच्चा शामिल है। इन हाथियों का उपयोग वन्यजीव संरक्षण, गश्ती, वन्यजीव अनुश्रवण, वन्यजीव ट्रांसलोकेशन तथा विशेष रूप से मानसून के दौरान गश्ती जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है।

पुनर्यौवन कैंप के दौरान हाथियों को नियमित कार्य से अलग वातावरण में पर्याप्त आराम, बेहतर आहार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा। कैंप में हाथियों को विशेष आहार देने के साथ वन्यजीव चिकित्सक द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। हाथियों की मालिश एवं सेवा के साथ उनके रक्त, फीकल एवं मूत्र के नमूने लेकर आवश्यक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। साथ ही सभी हाथियों का शारीरिक माप निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा।

दैनिक गतिविधियों के तहत हाथियों को प्रातः जंगल से लाकर नहलाया जाएगा तथा उनके शरीर एवं पैरों की मालिश की जाएगी। दोपहर में महावत एवं चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। शाम को भोजन कराने के बाद हाथियों को पुनः जंगल में छोड़ा जाएगा।

कैंप के दौरान हाथियों के साथ कार्य करने वाले महावत एवं चाराकटरों के प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वरिष्ठ महावतों द्वारा अन्य महावतों एवं चाराकटरों को हाथियों के रखरखाव तथा उन्हें दिए जाने वाले निर्देशों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे हाथियों के बेहतर प्रबंधन के साथ आपात परिस्थितियों में प्रभावी नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा हाथियों के संरक्षण एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के पुनर्यौवन कैंप का आयोजन लगातार 16 वर्षों से किया जा रहा है।

Next Post

ओंकारेश्वर के आसपास के क्षेत्र में मदिरा के अवैध संग्रहण व विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग ने की कार्यवाही

Wed Sep 9 , 2026
खंडवा, कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर आबकारी विभाग के दल द्वारा शराब की अवैध बिक्री एवं भंडारण रोकने की कार्यवाही लगातार जारी है। जिला आबकारी अधिकारी श्री विनय रंगशाही ने बताया कि बुधवार को ओंकारेश्वर एवं नर्मदा नदी किनारे स्थित बाघनगर एवं गणेश नगर के दुर्गम जंगलों में अवैध […]

You May Like