सऊदी अरब ने यमन में 30 से अधिक हवाई हमले किये: हूती

सना/रियाद,  हूती विद्रोहियों ने बुधवार को कहा कि सऊदी अरब ने यमन के कई हिस्सों में 30 से अधिक हवाई हमले किये। यह कार्रवाई हूती लड़ाकों द्वारा एक दिन पहले सऊदी अरब पर किये गये बड़े हमलों में दर्जनों लोगों के घायल होने के बाद हुई। हूतियों के अलमसीरा टेलीविजन ने कहा, ” पिछले कुछ घंटों के दौरान सऊदी दुश्मन के विमानों ने मारीब, अल-जौफ, तैज और होदेइदा प्रांतों के विभिन्न इलाकों में 32 हवाई हमले किये।” सऊदी अरब ने इन कथित हवाई हमलों पर आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। सऊदी अधिकारियों ने मंगलवार को कहा था कि हूती मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण तेल प्रतिष्ठानों का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा और 73 लोग घायल हुए। इसके बाद हूतियों ने जवाबी कार्रवाई में सऊदी हवाई हमलों की जानकारी दी।

यमन में पिछले सप्ताह फिर से संघर्ष तेज हो गया था, जब हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य के आसपास के इलाकों पर कब्जा करने के लिए बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया।ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किये जाने और खाड़ी से तेल की आपूर्ति बाधित होने के बाद यह रणनीतिक जलमार्ग सऊदी तेल निर्यात के लिए और महत्वपूर्ण हो गया है।
यमन में फिर शुरू हुई लड़ाई में 500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश दोनों पक्षों के लड़ाके हैं। दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक सऊदी अरब पर हूतियों ने हाल के सप्ताहों में दबाव बढ़ा दिया है। जुलाई में 2022 में शुरू हुआ संघर्षविराम कमजोर पड़ने के बाद से समूह ने कई बार सऊदी तेल प्रतिष्ठानों और टैंकरों को निशाना बनाया है।
इस्लामी मिलिशिया ने सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी की भी घोषणा की और सऊदी जहाजों पर हमले किए, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के कारण पहले से प्रभावित तेल निर्यात पर और दबाव पड़ा है।

संघर्ष का मौजूदा दौर जुलाई में उस समय शुरू हुआ, जब हूतियों ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण के बावजूद एक ईरानी विमान को यमन में उतरने की अनुमति दी। इसके जवाब में सऊदी समर्थित बलों ने हवाई अड्डे पर हमला किया। सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान ने मंगलवार को कहा कि उनका देश हूती हमलों से अपनी रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाएगा। मॉस्को में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सऊदी अरब अपने हितों की रक्षा के लिए सभी उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल करेगा।
उन्होंने कहा, ” हूती मिलिशिया जब भी मुश्किल स्थिति में होती है, हिंसा का सहारा लेती है। हूती यमन के भीतर की अपनी समस्याओं को सऊदी अरब तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।” मंत्री ने हालांकि कहा कि हूतियों के लिए कूटनीति का रास्ता अभी भी खुला है।

Next Post

इंदौर के साउथ तोड़ा में रिमूवल कार्रवाई के दौरान हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Wed Sep 9 , 2026
इंदौर। साउथ तोड़ा इलाके में रिमूवल कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। समझाइश के बावजूद विरोध जारी रहने पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते रिमूवल […]

You May Like