
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथौन के वार्ड नंबर 2 स्थित बड़े मोहल्ले मे पति अशोक आदिवासी ने अपनी पत्नी प्रीति आदिवासी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर रश्मि आदिवासी को मृत अवस्था में पाया। वहीं वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो चुका था।परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आरोपी की संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और वारदात के बाद आरोपी कहां फरार हुआ। मामूली विवाद के बाद हुई इस हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।
