
मक्सी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में शाजापुर कोतवाली पुलिस ने नितिन इन्द्रिया पाटीदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत दर्ज किया गया है। एफआईआर क्रमांक 0549/2026 मंगलवार 8 सितंबर को दर्ज हुई।
जानकारी के अनुसार एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने मंगलवार को इस मामले को लेकर शाजापुर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद मामले को लेकर कोतवाली थाने में भी कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता अफसर अली पिता अजगर अली निवासी वासेनगर, ईदगाह रोड शाजापुर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर नितिन इन्द्रिया पाटीदार की आईडी से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली कथित टिप्पणी की गई। शिकायत के साथ संबंधित पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक जया सुनेरी द्वारा की जा रही है।
एसपी ने कहा- एफआईआर दर्ज, जल्द होगी वैधानिक कार्रवाई
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी के खिलाफ जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि प्रकरण भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की 299 धारा के तहत दर्ज किया गया है।
