नई दिल्ली | मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में सुनामी जैसी गिरावट देखने को मिली। बुधवार को 2,70,549 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई चांदी, गुरुवार सुबह करीब 9.46% तक टूटकर 2,43,406 रुपये पर आ गई। महज कुछ ही घंटों के भीतर चांदी के दाम में 27,884 रुपये की बड़ी कटौती दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार COMEX में भी चांदी का रेट 88.965 डॉलर से फिसलकर 75.385 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जिसका सीधा असर भारतीय सर्राफा बाजार पर पड़ा है।
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर सोना लगभग 2% से ज्यादा टूटकर 1,51,230 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता देखा गया, जबकि बुधवार को यह 1,53,390 रुपये पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड रेट 5,021 डॉलर से गिरकर 4,871 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इस गिरावट के बाद घरेलू बाजारों में 24 कैरेट सोने की कीमतें अब 1.50 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुँच गई हैं, जिससे निवेशकों और खरीदारों के बीच हलचल बढ़ गई है।
देश के प्रमुख शहरों में आज सोने-चांदी के दामों में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,54,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह 1,54,420 रुपये के स्तर पर बना हुआ है। चेन्नई में सोने के दाम थोड़े अधिक यानी 1,56,220 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए। वहीं, चांदी की बात करें तो दिल्ली और मुंबई में भाव 2,46,665 रुपये प्रति किलो के आसपास चल रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक स्थितियों और डॉलर में मजबूती के कारण कीमती धातुओं पर यह दबाव बना हुआ है।

