सिंगरौली: नगर पालिक निगम सिंगरौली ने शासकीय दुकानों का किराया लंबे समय से बकाया रखने वाले 51 दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम प्रशासन द्वारा जारी अंतिम नोटिस में सभी बकायादारों को सात दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं होने पर संबंधित दुकानों का आवंटन निरस्त कर उन्हें सील करने तथा पुनः नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस ने बताया कि यह कार्रवाई निगम की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने और शासकीय संपत्तियों के उचित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार सूचना देने के बावजूद किराया जमा नहीं किए जाने के कारण निगम को सख्ती बरतनी पड़ रही है।
आईडीएसएमटी वैढन क्षेत्र में 24 दुकानदारों पर किराया बकाया है।डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस ने स्पष्ट किया कि सभी बकायादारों को सात दिवस का अंतिम अवसर दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो दुकानों का आवंटन निरस्त कर उन्हें सील कर दिया जाएगा और आगे की कार्रवाई के तहत पुनः नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
