एमवाय अस्पताल के सभी विभाग होंगे कैमरों से लैस

इंदौर. प्रदेश के सबसे बड़े एमवाय अस्पताल के बारे में अब निगरानी और पारदर्शिता की दिशा में अस्पताल प्रशासन बड़ा कदम उठाने जा रहा है. अस्पताल के सभी विभागों और कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और भ्रष्टाचार विरोधी शिकायती पोस्टर भी लगाए जाएंगे.

डीन डॉ. घनघोरिया ने कहा कि मरीज और संस्थान के कर्मचारी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं. मरीजों और कर्मचारियों की भलाई और संतुष्टि को हर निर्णय में प्रमुखता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को हमने कहीं न कहीं सामान्य मान लिया है, जबकि इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है. डीन ने जोर देकर यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी और इस दिशा में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कैमरों की निगरानी के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जो इसकी सतत निगरानी करेगी. वहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए हर विभाग और वार्ड में विशेष पोस्टर लगाए जाएंगे, जिनमें शिकायत करने के लिए आवश्यक जानकारी होगी. यह पहल कर्मचारियों और मरीजों दोनों को एक सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. उल्लेखनीय है कि अस्पताल में पूर्व में कई बार सुरक्षा और भ्रष्टाचार से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने आ चुकी हैं. मरीजों और कर्मचारियों से रिश्वत मांगने जैसे आरोपों ने अस्पताल की छवि पर असर डाला है. इन समस्याओं की रोकथाम और अस्पताल के वातावरण को सुधारने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है. इस पर डीन ने अंत में कहा, हमारा लक्ष्य एमवाय अस्पताल को न केवल प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ, बल्कि देश के अग्रणी अस्पतालों की श्रेणी में लाना है, इसके लिए व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी.

Next Post

भोपाल के परिवहन अधिकारी होगे रितेश तिवारी, मिली अतिरिक्त प्रभार  

Thu May 15 , 2025
भोपाल।मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग ने गुरुवार को एक आदेश जारी कर दो क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) का तबादला कर दिया है। यह आदेश मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, रीतेश तिवारी, जो वर्तमान में जिला परिवहन अधिकारी और सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सीहोर […]

You May Like

मनोरंजन