
सतना। उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल से भटककर मैहर जिले के रामनगर पहुंचे हाथी ने सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात जमकर आतंक मचाया। हाथी द्वारा कुचले जाने से जहां एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया वहीं उसके उत्पात के चलते दो घर गिर गए। जिसकी चपेट में आकर वहां बंधी बकरियां मलबे में दब गईं। वन विभाग द्वारा फिलहाल हाथी के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल से भटककर मैहर के रामनगर क्षेत्र में पहुंचे हाथी ने मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ग्राम पंचायत पुरैना के मौहारी डोंगरी टोला में अचानक आतंक मचाना शुरू कर दिया। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में जंगली हाथी के हमले से अपने बैल को बचाने की कोशिश कर रहे 53 वर्षीय किसान कंछेदी यादव की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुरैना पंचायत के सिंगपुर मौहारी गांव में हुआ। कंछेदी अपने बैल को हाथी के हमले से बचाने के लिए आगे बढ़े, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया और कुचलकर मार डाला। हाथी ने गांव में न सिर्फ किसान की जान ली, बल्कि दो घरों को भी पूरी तरह ढहा दिया। मलबे में दबने से दो बकरियों की भी मौत हो गई।इस घटना के बाद से पूरे सिंगपुर मौहारी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत फैल गई । ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई कुछ ने ऊंचे पेड़ों पर चढ़कर और अन्य ने पहाड़ों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। धाराशायी होने वाले मकान बाणसागर जलाशय के किनारे डूब क्षेत्र में जंगल के किनारे बने हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अनामिका सिंह थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी एसडीओ वन सिद्धार्थ दीपांकर रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी सहित ग्रामीण मौके पर मुस्तैद हो गए। बताया गया कि आतंक मचाने के बाद हाथी का मूवमेंट गोरसरी पहाड़ की ओर देखा गया। वन विभाग द्वारा हाथी के मूवमेंट की लगातार निगरानी की जा रही है।
ग्रामीणों ने लगाये आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी की मौजूदगी की सूचना रात 10 बजे दे दी गई थी, लेकिन प्रशासनिक सहायता समय पर नहीं पहुंची। वन विभाग के एसडीओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कॉलर आईडी वाले हाथी को ट्रेस किया गया है। हालांकि, इस घटना ने पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने मृतक का शव उठाने से इनकार कर दिया और उचित मुआवजे की मांग शुरू कर दी।
मुआवजा दिलाने का आश्वासन
हाथी के हमले में हुई मौत के बाद वन विभाग ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए मृतक के परिवार को अपने स्तर से 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक मदद दी। वहीं शासन की ओर से करीब 8 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
हाथी को पकड़ेंगे दो कुंकी
वन मंडल मैहर द्वारा यह जानकारी दी गई कि हाथी को पकड़ने बांधवगढ़ से दो कुंकी जल्द पहुंच जायेंगे। लेकिन इसके बावजूद भी जनपद रामनगर के ग्राम पठरा, भितरी , कोलडिहा, सेदूरा, सोनाडी ,बडखोरा, देवरा मोलहाई, सोहौला, झिरिया, हिनौता ,कुम्हरवार मुनगहा, गैलरी गोरसारी, देवराजनगर, कररा, मुहरवा, हटवा एवं जनपद अमरपाटन के ग्राम अमझर, किरहाई, तेंदूहटा, भीषमपुर , ईटमा आदि के ग्राम वासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
