
इंदौर. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में 78 आवेदन पहुंचे. इनमें पारिवारिक विवाद, लोन के नाम पर धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन, साइबर व वित्तीय फ्रॉड, जमीन-मकान से जुड़ी धोखाधड़ी और महिला अपराध की शिकायतें शामिल थीं. पुलिस कमिश्नर ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनसुनवाई के दौरान पति-पत्नी, बेटा-बहू के बीच विवाद और आपसी मतभेद से जुड़े आवेदन भी आए. इसके अलावा कुछ लोगों ने शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने की बात भी पुलिस अधिकारियों के सामने रखी. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कुछ मामलों में मौके पर और कुछ में फोन के माध्यम से कार्रवाई के निर्देश दिए. अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा.
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू की. पारिवारिक विवादों के मामलों में पुलिस मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से काउंसलिंग भी करा रही है. इसके जरिए आपसी विवादों को बातचीत से सुलझाने और मामलों का शांतिपूर्ण निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है.
