इंदौर: शहर में अवैध नशे के कारोबार पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कनाडिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोटरसाइकिल जप्त की है. जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.60 लाख रुपए आंकी गई है.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि भूरी टेकरी क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा.
पूछताछ में उनकी पहचान 35 वर्षीय तरुण जैसवाल निवासी स्वास्थ्य नगर रायल बंगला, सुखलिया और 29 वर्षीय इदरीश शेख निवासी सुजालपुरा सिटी मोहल्ला, इंदौर के रूप में हुई. तलाशी लेने पर दोनों की पैंट की जेब से ब्राउन शुगर बरामद हुई. जब वैध लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके. मौके पर ही मापतौल करने पर नशे का वजन 16 ग्राम निकला. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर को छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर मोटरसाइकिल से डिलीवरी करते थे.
