त्योहारों में बेहतर ड्यूटी देने वाले 48 पुलिसकर्मी सम्मानित

इंदौर: त्योहारों के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए पुलिस कमिश्नर ने 48 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और एक-एक हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया. ये सभी पुलिसकर्मी नवरात्रि, दशहरा और करवाचौथ के दौरान शक्ति मोबाइल टीम में तैनात थे और उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर उल्लेखनीय कार्य किया था.

महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इंदौर पुलिस ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल के साथ 13 शक्ति मोबाइल टीमों का गठन किया था. इन टीमों ने नवरात्रि के गरबा पंडालों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी. पुरस्कार वितरण समारोह में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मियों ने जिस समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभाया, वह सराहनीय है.

उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया. त्योहारों के दौरान शक्ति मोबाइल टीमों ने न केवल बेहतर पुलिसिंग की, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाई. कई मामलों में उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, गुम हुए बच्चों को परिजनों से मिलाया और रात के समय अकेली महिलाओं को सुरक्षित घर तक छोड़ा. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर कई प्रभावी कार्रवाइयां भी की गईं. इन प्रयासों की शहरवासियों ने भी खुलकर सराहना की. नागरिकों ने कहा कि शक्ति मोबाइल की तुरंत और संवेदनशील कार्रवाई ने त्योहारी माहौल में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत किया है.

Next Post

भीड़ भरे सराफा बाजार में पुलिस की मॉकड्रिल

Wed Oct 15 , 2025
इंदौर: दीपोत्सव के मद्देनज़र शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस ने आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शाम को मॉकड्रिल की. सराफा और शक्कर बाजार क्षेत्र में हुई इस ड्रिल में तंग गलियों से एम्बुलेंस निकालकर पुलिस ने आपातकालीन हालात में बचाव कार्य की […]

You May Like

Play sound