चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन
कटनी: माधव नगर थाना क्षेत्र के कटाएघाट में एक युवक की मौत का मामला हत्या और दुर्घटना के बीच उलझ गया है। 15 मार्च को कटनी नदी के पास खरहनी फाटक निवासी विक्की निषाद का शव मिला था।पुलिस का कहना है कि विक्की अपने दोस्तों के साथ होली की पार्टी मना रहा था। सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे। विक्की नदी में कूदने के लिए चट्टान पर चढ़ा। वह नदी के बजाय चट्टानों से टकरा कर नीचे गिर गया।
इससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने इस घटना को हत्या बताया है। उनका कहना है कि विक्की को कुछ समय पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। परिजनों का आरोप है कि धमकी देने वालों ने ही उसकी हत्या की है।रविवार सुबह परिजनों ने गर्ग चौराहे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। माधव नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
