नरसिंहपुर। पाठक वार्ड में प्यारे लाल कुशवाहा नामक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए गए कथित वीडियो और सुसाइड नोट में उसने रवि और अमित नाम के दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ संबंध बनाए गए और आपत्तिजनक तस्वीरें मोबाइल में कैद कर बाद में उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। उसने इस मामले में दूसरे युवक की भूमिका का भी आरोप लगाया।
मृतक ने वीडियो में दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई। सुसाइड नोट में उसने अपनी संपत्ति, घर, नकदी और गहनों पर अपने बच्चों सक्षम और भूमि का हक बताया है।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल, कथित वीडियो व सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
