सेही के शिकार के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

सीधी । मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संजय टाइगर रिजर्व की ब्यौहारी बफर रेंज की टीम ने 7 सितंबर 2026 को कोठार ग्राम में छापामार कार्रवाई करते हुए सेही के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। रेंजर अर्पित मैंराल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कमलेश बैगा, राजेश बैगा और रामसिया बैगा को सेही के लगभग 6.5 किलोग्राम कच्चे मांस एवं 300 ग्राम कांटों के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि उन्होंने 7 सितंबर को सुबह लगभग 7 बजे बीट मझोली के कक्ष क्रमांक च्थ्-1328 में कुत्तों की मदद से सेही को घेरकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका शिकार किया था।

इसके बाद मांस को खाने के उद्देश्य से गांव की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। वन विभाग की टीम द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को न्यायालय मझौली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

कांग्रेस ने खान-पान पर टिप्पणी के लिए धीरेंद्र शास्त्री की गिरफ्तारी की मांग की, पुलिस में शिकायत दर्ज

Tue Sep 8 , 2026
कोलकाता, 08 सितंबर (वार्ता) दुर्गा पूजा के दौरान बंगाली खान-पान की आदतों और परंपराओं पर बागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी धीरेंद्र शास्त्री की विवादास्पद टिप्पणियों ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हाल […]

You May Like