
ब्यावरा। नगर के इंदौर नाका स्थित माली धर्मशाला परिसर में कथित अतिक्रमण के विरोध में सोमवार को फूलमाली समाज के सैकड़ों लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे. उन्होंने एसडीएम गोविंद दुबे को ज्ञापन सौंपा. समाज के लोगों ने धर्मशाला परिसर से अवैध कब्जा हटाने और संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की. एसडीएम ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है.
फूलमाली समाज के जिलाध्यक्ष बनवारी पुष्पद ने बताया कि इंदौर नाका क्षेत्र में एसडीएम निवास के पास माली धर्मशाला और हनुमान मंदिर है. यह धर्मशाला ब्यावरा नगर पालिका परिषद के रिकॉर्ड में दर्ज है. समाज हर साल इसका टैक्स भरता है. समाज के लोगों ने चंदा इकठ्ठा कर धर्मशाला के पास श्री राधाकृष्ण मंदिर भी बनवाया है.
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 5 सितंबर की रात मंदिर के पास अवैध कब्जा कर दीवार बना ली गई. समाज के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी नगर पालिका परिषद के सीएमओ को लिखित में दी थी. इसके बाद नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. हालांकि आरोप है कि वहां विष्णु बैरागी ने कर्मचारियों के साथ गलत व्यवहार किया.
समाज ने ज्ञापन में यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अतिक्रमण का एक पुराना मामला भी एसडीएम कोर्ट में चल रहा है. समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि मौके की जांच कराई जाए और अगर अतिक्रमण मिलता है तो उसे तुरंत हटाया जाए.
अतिक्रमण के विरोध में सड़कों पर
एसडीएम कार्यालय पहुंचने से पहले समाज के लोगों ने अतिक्रमण के विरोध में नारे लगाए. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल रहा. समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि धर्मशाला और मंदिर समाज की सामूहिक संपत्ति हैं. इनके परिसर पर किसी भी तरह का कब्जा मंजूर नहीं किया जाएगा. ज्ञापन सौंपते समय समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग की. एसडीएम गोविंद दुबे ने समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
