
ग्वालियर। मां काम पर गई और भाभी बेटे को टीका लगवाने आंगनवाड़ी गई थी तभी बदमाशों ने एक घर में घुसकर युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात मंगलवार को गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़िया पर घटी। युवती की हत्या का पता तब चला जब मां मंगलवार की सायं को घर पहुंची तो कमरे में बेटी का शव खून से लथपथ पड़ा था और शव के पास ही एक खून से सना डंडा व पत्थर भी पड़ा था। बेटी की हत्या की सूचना मां ने पुलिस को दी। हत्या की वारदात का पता चलते ही गिरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर मामला दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित छोटे बाबा की पहाड़ी निवासी 20 वर्षीय निशा कुशवाह की बदमाशों ने डंडा मारकर और पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि निशा मंगलवार को घर में अकेली थी। उसकी मां सुनीता घर में झाडू-पोंछा का काम करती है तो वह सुबह ही घर से निकल गई थीं और भाई भी सुबह काम पर निकल गया था। दोपहर में भाभी बेटे को आंगनबाड़ी में टीका लगवाने और कुछ काम से गई थीं। शाम को सभी को निशा की मौसी कांता के घर पर गणेश पूजन के कार्यक्रम में जाना था। जब शाम को निशा की मां घर पहुंची तो देखा कि कमरे में बेटी निशा का शव खून से लथपथ पड़ा है। उसके गले से खून बह रहा था तो उसकी चीख निकल गई। महिला की आवाज सुनकर अड़ोसी पड़ोसी इकटठा हो गये और वारदात की सूचना पुलिस को दी। हत्या की वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की तो प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस का मानना है कि युवती पर पहले डंडे या पत्थर से हमला किया गया है फिर गला रेता गया है। हत्या का कारण क्या है फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है। दो महीने बाद युवती की शादी होनी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिये भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
