रेहटी। पुलिस ने डम्पर और हार्वेस्टर से बैटरी चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई छह बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त कार सहित 4 लाख रुपए का माल बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार थाने गत में 4 जून को ग्राम बायां निवासी जगदीश साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई की रात उनके दो डम्परों से चार बैटरियां चोरी हो गई थीं. वहीं, इसी दिन ग्राम बोरी निवासी शैलेन्द्र मीणा ने हार्वेस्टर से दो एक्साइड बैटरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. मुखबिर सूचना पर पुलिस ने संदेही सचिन चौहान और शहीद मंसूरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं. गिरफ्तार आरोपियों में सचिन चौहान निवासी मंडीदीप तथा शहीद मंसूरी निवासी कोलार रोड, भोपाल शामिल हैं. कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कहारे, प्रधान आरक्षक महेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र तथा आरक्षक विकास, योगेश और अभिषेक की सराहनीय भूमिका रही.
