
रीवा, रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में तालाब में नहाने गए एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया. ग्रामीणों की मदद से घंटों तक युवक की तलाश की गई, जिसके बाद शव तालाब से बाहर निकाला जा सका.जानकारी के अनुसार देवरी निवासी 22 वर्षीय युवक रामेश्वर कोल दोपहर के समय गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गया था. नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया. तालाब के पास मौजूद कुछ लोगों ने युवक को डूबते देखा तो तत्काल उसके परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तालाब में युवक की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका. इसके बाद घटना की जानकारी पनवार पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पनवार थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से तालाब में युवक की तलाश शुरू कराई गई. घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका. युवक का शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा भेज दिया है. फिलहाल पनवार पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
