
नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने की घटना को लेकर सोमवार को घटना स्थल पर धरना दिया और हादसे में मृतकों एवं घायलों को न्याय देने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि 50 साल पुरानी इमारत के बेसमेंट में पानी भरने के बावजूद बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के मरम्मत की अनुमति दी गयी। उन्होंने कहा कि हादसे की जिम्मेदारी लेते हुए निगम आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हादसे में सात छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराकर राजनीतिक जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया।
श्री यादव ने कहा कि सत्य निकेतन क्षेत्र में पार्षद, विधायक, सांसद, मेयर और अन्य प्रमुख पदों पर भाजपा के लोग हैं, इसलिए राजनीतिक जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की धीमी गति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को दबे छात्रों को जल्द निकालने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।
