दुर्ग 08 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में ‘कोक ओवन बैटरी-7 और कोक ओवन बैटरी-8 के पुनर्निर्माण’ परियोजना के तहत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई। आज कोक ओवन बैटरी-7 के अस्थायी हीटिंग कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।
कोक ओवन बैटरी के औपचारिक लाइट-अप का शुभारंभ निदेशक प्रभारी (सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र) चित्त रंजन महापात्र ने किया, जिससे हीटिंग प्रक्रिया की शुरुआत हुई।
यह परियोजना सीओबी-7 और सीओबी-8 के लगभग पांच दशक पूर्व कमीशनिंग के बाद पहली बार की जा रही है जिसमें दोनों बैटरियों के डेक स्लैब को हटाकर पुनर्निर्माण किया गया। कार्य की जटिलता को देखते हुए इसके क्रियान्वयन में सूक्ष्म-स्तरीय योजना, महत्वपूर्ण गतिविधियों की पहचान, तथा सामग्री आपूर्ति की निरंतर वास्तविक-समय निगरानी आवश्यक रही, ताकि समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।
