
सरई । मां धनौजा मंदिर सरई में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आयोजित विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव इस वर्ष भी ऐतिहासिक रहा।मटकी फोड़ प्रतियोगिता, विशाल महाप्रसाद भंडारा, बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता, लकी ड्रा और कार्यक्रमों ने हजारों श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शाम 7 बजे पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ यह भक्ति उत्सव रात 3 बजे तक अनवरत चलता रहा। आलम यह था कि 40 किलोमीटर दूर-दूर से आए श्रद्धालु देर रात तक मंदिर परिसर में डटे रहे। पूरा मंदिर प्रांगण हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम स्थल पर एक तरफ जहां मटकी फोड़ के लिए युवाओं की टोलियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिल रहा था, वहीं दूसरी ओर सजे भव्य सांस्कृतिक मंच पर राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की जीवंत झांकियों और मनमोहक नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में इस वर्ष कुल 10 टीमों, जिसमें बरका, इटमा, कोनी, सरई हायर सेकेंडरी स्कूल, सरई चौरा टोला, घोघरा, गन्नई, मटिया और झालरी ने भाग लिया। सभी टीमों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। अंत में सभी को पछाड़ते हुए सरई चौरा टोला की टीम ने मटकी फोड़ कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को समस्त कृष्ण भक्तों एवं नगरवासियों के सहयोग से 41,200 रुपये की नगद राशि और आकर्षक शील्ड ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
