
इंदौर। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान पर कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को फायदा होगा, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने तीखा पलटवार किया। इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा के दौरान नायक ने कहा, “घंटा बीजेपी को फायदा होगा।”
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेसवार्ता के लिए इंदौर पहुंचीं नायक से जब विजयवर्गीय के बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय कई बार ऐसा बोल जाते हैं, जिससे उनका अपना ही मजाक बन जाता है। उन्हें कोई भी बयान देने से पहले सोच लेना चाहिए और अपनी गिरेबान में झांककर देखना चाहिए।
नायक ने कहा कि यदि विजयवर्गीय को लगता है कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को राजनीतिक फायदा मिलेगा तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा कांग्रेस के मुद्दों और जनता की आवाज को मजबूती देने वाला होगा।
जातिगत जनगणना पर सरकार को घेरा
प्रेसवार्ता में रागिनी नायक ने जातिगत जनगणना को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर सुझाव दिए हैं, लेकिन अब तक उसका कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि जातिगत जनगणना में एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग से जुड़े स्पष्ट आंकड़े जुटाए जाएं, ताकि देश में सामाजिक और आर्थिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
नायक ने कहा कि जातिगत जनगणना कांग्रेस के लिए महज आंकड़े जुटाने की कवायद नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व का आधार है। उन्होंने आरक्षण की 50 प्रतिशत सीमा पर पुनर्विचार और ओबीसी के उप-वर्गीकरण की जरूरत भी बताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार व्यापक विचार-विमर्श के बिना जातिगत जनगणना कराती है तो कांग्रेस सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी।
