विश्व मुक्केबाजी : लक्ष्य चाहर प्री-क्वार्टर फाइनल में

लिवरपूल, 07 सितंबर (वार्ता) भारत के लक्ष्य चाहर ने रविवार को लिवरपूल में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में जॉर्डन के हुसैन इयाश को हराकर शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम 16 में प्रवेश किया।

लक्ष्य ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक तरीके से की, लेकिन जॉर्डन के खिलाड़ी ने दूसरे राउंड में अंतर कम कर लिया। हालाँकि, भारतीय खिलाड़ी ने तीसरे राउंड में वापसी करते हुए 5-0 से शानदार जीत हासिल की।

इससे पहले, पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में पवन बर्तवाल का अभियान उज्बेकिस्तान के मिर्जाखालोलोव मिराजिजबेक से 0-5 से हारकर समाप्त हो गया।

भारत ने मुक्केबाजी के लिए हाल ही में गठित अंतरराष्ट्रीय शासी निकाय, विश्व मुक्केबाजी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पहली विश्व चैंपियनशिप में 20 सदस्यीय दल उतारा है।

रविवार को शाम के सत्र में तीन और मुक्केबाज़ मैदान में उतरेंगे, जिनमें जैस्मीन (महिला 57 किग्रा) का सामना ब्राज़ील की जुसीलेन सेर्केरा रोमेउ से, सनामाचा चानू (महिला 70 किग्रा) का सामना कज़ाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा से और अभिनाश जामवाल (पुरुष 65 किग्रा) का मुकाबला मेक्सिको के ह्यूगो बैरन से होगा।

Next Post

स्कॉटलैंड ने मुख्य कोच डग वॉटसन से नाता तोड़ा

Sun Sep 7 , 2025
एडिनबर्ग, 07 सितंबर (वार्ता) डग वॉटसन ने दो साल तक अपने पद पर रहने के बाद स्कॉटलैंड की पुरुष टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ दिया है। क्रिकेट स्कॉटलैंड ने हाल के परिणामों की समीक्षा, भविष्य के मैचों की योजना और बजट आवंटन के बाद यह निर्णय लिया। उन्हें […]

You May Like