ग्वालियर: देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ग्वालियर के सपूत स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आज शनिवार को सातवीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है। ग्वालियर शहर के कमल सिंह का बाग में अटल जी के पैतृक निवास पर पुष्पांजलि सभा रखी गई। यहां सुबह से ही पुष्पांजलि देने वालों का आना-जाना लगा हुआ है।शहर के जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम लोग भी अटलजी को पुष्पांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह भाजपा के जिलाध्यक्षगण जेपी राजोरिया, प्रेमसिंह राजपूत, सांसद भारत सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद विवेक नारायण सेजवलकर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, कमल माखीजानी उनके घर पहुंचे, और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान न सिर्फ भाजपा बल्कि कांग्रेस से जुड़े लोग भी पहुंचे।
पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा- मैंने आज उनके निवास पर पहुंचकर उनको पुष्पांजलि अर्पित की है। उनका स्मरण करने से बड़ा कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने हमें जो मार्गदर्शन दिया है, उसे हमने अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया है।
यहां गुजरा अटल जी का बचपन
अटल बिहारी वाजपेयी का बचपन कमल सिंह का बाग की गलियों में गुजरा है। अटल जी छात्र राजनीति से लेकर देश के शीर्ष पद तक पहुंचे। भारत को परमाणु शक्ति बनाने में अटल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यही वजह है कि वे न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया भर में शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं। भारत सरकार ने अटल जी को भारत रत्न से भी नवाजा है। 16 अगस्त 2018 को अटल बिहारी वाजपेयी ने अंतिम सांस ली थी।
