
मड़वास। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी और व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। किराना व्यवसायी के साथ कथित गाली-गलौज के आरोप के बाद मड़वास के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
व्यापारियों के विरोध को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी ने एडिशनल एसपी कमला जोशी को मड़वास भेजा। मामले की प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद उन्होंने व्यापारियों और मीडिया को बताया कि मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की शुरुआत किराना व्यवसायी मानिक लाल गुप्ता पिता स्व.अयोध्या प्रसाद गुप्ता की दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुई। व्यवसायी का आरोप है कि इसी बात को लेकर थाना प्रभारी अतर सिंह ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। घटना के बाद अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और मामला बढ़ गया। इसी दौरान मड़वास व्यापारी संघ के अध्यक्ष कपिल गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच भी बहस होने की बात सामने आई। घटना से नाराज व्यापारियों ने मड़वास का बाजार बंद कर दिया और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव करने पहुंच गए। विरोध के दौरान कुछ अन्य व्यापारियों ने भी थाना प्रभारी के खिलाफ पूर्व में कथित रूप से हुई घटनाओं को लेकर शिकायतें सामने रखीं। सभी शिकायतों को लेकर संबंधित लोगों ने एएसपी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना परिसर में धरने पर बैठे व्यापारी
शनिवार को बड़ी संख्या में मड़वास के व्यापारी थाना परिसर पहुंचे और बाहर ही धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में हस्तक्षेप किया। एएसपी कमला जोशी मड़वास पहुंचीं और व्यापारियों से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने बताया कि मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
तीन दिन में जांच प्रतिवेदन भेजने के निर्देश
एएसपी कमला जोशी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच एसडीओपी को सौंप दी है। बताया गया कि जांच के बाद 3 दिवस में प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के बाद व्यापारियों के विरोध का तत्काल समाधान होता नजर आ रहा है। हालांकि अन्य शिकायतों की जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
इनका कहना है
मड़वास बाजार में आज व्यापारी और अन्य लोग इक_ा हुये थे। उनके इक_ा होने का उद्देश्य थाना प्रभारी के आचरण को लेकर था। उनकी शिकायत का ज्ञापन हमने ले लिया है। उनकी मुख्य मांग थी कि दो दिन के अंदर जांच हो और थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया जाय।
कमला जोशी, एएसपी सीधी
