ग्वालियर: बहुजन समाज पार्टी की नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाशी पारसेडिया की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उनकी फेसबुक आईडी से एक विवादित फोटो शेयर की गई, जिसमें एक कुत्ते को भगवान श्री कृष्ण के रूप में दर्शाया गया था। इस पोस्ट के सामने आते ही हिंदू संगठनों और सर्व समाज के युवाओं में भारी आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया पर युवाओं ने इस पोस्ट पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं का घोर अपमान बताया। बढ़ते विवाद को देखते हुए लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें चेतावनी भी दी।
मामला बिगड़ा तो डिलीट की पोस्ट, दी सफाई
विवाद के तूल पकड़ते ही पूर्व नपा अध्यक्ष ने तुरंत वह विवादित पोस्ट डिलीट कर दी और अपनी फेसबुक आईडी पर एक नया पोस्ट जारी कर सार्वजानिक रूप से माफी मांगी। सफाई देते हुए सत्यप्रकाशी पारसेडिया ने लिखा कि मोबाइल किसी बच्चे के हाथ में था और उसने किसी सोशल मीडिया ट्रेंड को फॉलो करते हुए गलती से यह फोटो शेयर कर दी थी। उन्होंने लिखा कि उनका मकसद किसी भी धर्म या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने अपने घर में बने मंदिर का फोटो शेयर करते हुए लिखा कि वह स्वयं ईश्वर में विश्वास रखती हैं और रोज पूजा-पाठ करती हैं।
