
राजगढ़। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बड़बेली गांव के पास राजगढ़ से खिलचीपुर जा रही यात्री बस को पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार देने का वीडियों सामने आया है.
टक्कर के बाद बस सडक़ से नीचे उतरकर खेत में जा घुसी और एक पेड़ से टकराकर रुक गई. हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं. घटना उस समय कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जब सडक़ किनारे खड़ा एक युवक बस का वीडियो बना रहा था.
बस रुकी और कुछ सेकंड बाद हो गया हादसा
जानकारी के मुताबिक पवन बस क्रमांक एमपी 38 पी 0243 शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे राजगढ़ से सवारियां लेकर खिलचीपुर की ओर जा रही थी. बड़बेली गांव के पास बस सडक़ पर रुकी और इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर क्रमांक आरजे 32जीसी 8151 ने बस के पिछले के हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खेत में उतर गई. इसके बाद एक पेड़ को तोड़ते हुए बस रुकी. हादसे में बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
हादसे के समय एक युवक सडक़ किनारे खड़ा होकर बस का वीडियो बना रहा था. उसका मोबाइल कैमरा बस की ओर था. इसी दौरान पीछे से कंटेनर आया और बस में टक्कर मार दी.
अचानक हुए हादसे से युवक भी घबरा गया, लेकिन मोबाइल में टक्कर से लेकर बस के खेत में जाकर रुकने तक का घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया. टीआई मौके पर पहुंचे, कंटेनर चालक हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बस और कंटेनर को कब्जे में लिया है. कंटेनर चालक नरवर सिंह निवासी ओढ़पुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि कंटेनर चेन्नई से राजस्थान जा रहा था. पुलिस के अनुसार चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है. हादसे की सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह और ब्यावरा के पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी भी खिलचीपुर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ड्राइवर समेत तीन घायल
हादसे में बस चालक मांगीलाल दांगी निवासी बड़बेली, सरदार बाई निवासी सवासड़ा और पवन दांगी निवासी बड़बेली घायल हुए हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पुलिस वाहन से खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में तीनों का उपचार किया जा रहा है.
