
नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार अपराह्न तेज बारिश के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नौ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा जबकि 50 से अधिक उड़ानों की आवाजाही में देरी हुई। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराह्न 3.30 बजे से 4.30 बजे तक कुल नौ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। चार-चार उड़ानों को जयपुर और लखनऊ भेजा गया जबकि एक उड़ान को अहमदाबाद भेजा गया। दिल्ली हवाई अड्डे की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 50 से अधिक उड़ानों के आवागमन में देरी की सूचना है।
टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “खराब मौसम के कारण दिल्ली से उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। उसने यात्रियों को हवाई अड्डे से लिए निकलने से पहले उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है। इंडिगो ने भी एक्स पर बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उसकी उड़ानें प्रभावित हुई हैं। उसने बताया कि स्थिति पर नजदीकी नजर रखी जा रही है और सेवा को सुचारू बनाये रखने का वह प्रयास कर रही है। इसी प्रकार, नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने भी दिल्ली की बारिश के कारण उसकी कुछ उड़ानों के प्रभावित होने की जानकारी दी है। उसने भी यात्रियों को उड़ान का अद्यतन स्थिति जांचने की सलाह दी है।
