
रीवा, चोरहटा थाना क्षेत्र में 26 अगस्त को युवक की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी आशीष कोल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि वारदात प्रेम प्रसंग और रंजिश के चलते हुई। मूल रूप से नरसिंहपुर निवासी आशीष कोल पिछले 6 साल से रीवा में मजदूरी करता था। इस दौरान उसका एक महिला से प्रेम प्रसंग था। कुछ समय बाहर रहने के बाद वह लौटा और महिला को भगाने की फिराक में था। मृतक मोहम्मद इसरार उर्फ बब्बू इसका विरोध कर रहा था, जिससे आरोपी रंजिश रखने लगा।
घटना के दिन आरोपी योजना के तहत मृतक को घटनास्थल की ओर ले गया, जहां सीसीटीवी में दोनों एक साथ जाते दिखे। पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर आरोपी को एक कमरे से दबोच लिया।
