इलाज में लापरवाही, दो साल की बच्ची की मौत के बाद शव कब्र से निकाला

इंदौर:भंवरकुआं क्षेत्र में दो साल की मासूम काशवी की संदिग्ध मौत के मामले में इलाज में लापरवाही के आरोप लगे हैं. परिजनों के हंगामे के बाद मौत के 5 दिन बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया.भंवरकुआं थाना क्षेत्र में दो वर्षीय मासूम काशवी की मौत ने इलाज व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों ने ‘द हेल्थ केयर क्लीनिक’ के डॉक्टर पर गलत उपचार और लापरवाही का आरोप लगाया है.

जानकारी के मुताबिक, 27 मई को काशवी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी. परिजन उसे इलाज के लिए पास के क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बच्ची को भर्ती कर ड्रिप चढ़ाई. आरोप है कि ड्रिप लगने के कुछ देर बाद ही बच्ची की हालत बिगड़ने लगी. परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने के बावजूद डॉक्टर ने किसी बड़े अस्पताल रेफर करने के बजाय बच्ची को घर ले जाने की सलाह दे दी. घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद बच्ची की मौत हो गई.

घटना के बाद परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन उन्हें लगातार संदेह बना रहा कि गलत इंजेक्शन या इलाज के कारण ही मौत हुई है. इसके बाद परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत की. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की अनुमति पर मौत के 5 दिन बाद तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में बच्ची का शव कब्र से बाहर निकाला गया. भंवरकुआं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी .फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Next Post

केंदीय मंत्रिमंडल ने इंदौर संभाग में सड़क परियोजनाओं को दी मंजूरी

Thu Jun 4 , 2026
इंदौर: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इंदौर संभाग के दो जिलों में सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. दोनों परियोजनाओं के निर्माण पर केंद्र सरकार को 4415 करोड़ रुपए लागत आएगी. इसके तहत जुलवानिया से देशगांव खंडवा को दो लेन से चार लेन चौड़ा करने तथा बैतूल के हिवारखेड़ी से आशापुर सड़क […]

You May Like

मनोरंजन