
देवास। कर्ज की रकम चुकाने के बाद भी डेढ़ लाख रुपए की मांग और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 30 अगस्त की रात शुजालपुर निवासी चार लोग कार से कन्नौद पहुंचे और हथियारों के साथ किराए के मकान में रह रहे फरियादी से अवैध वसूली के लिए दबाव बनाया। रकम देने से इनकार करने पर आरोपियों ने फरियादी और उसके परिवार के साथ मारपीट की तथा पत्नी और बेटी को जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन धारदार खटकेदार चाकू और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बिना वैध लाइसेंस अधिक ब्याज पर ऋण देकर लोगों से दबाव एवं गुंडागर्दी के माध्यम से अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कन्नौद निरीक्षक तहजीब काजी के नेतृत्व में थाना कन्नौद पुलिस द्वारा अवैध वसूली एवं सूदखोरी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है।
फरियादी ने थाना कन्नौद पर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि पत्नी एवं बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण उसने हसीब उर्फ रहमान निवासी भीमपुरा, शुजालपुर से 30 हजार रुपए उधार लिए थे। फरियादी के अनुसार वह अब तक 60 हजार रुपए वापस कर चुका है। इसके बावजूद हसीब द्वारा उससे 1.50 लाख की मांग की जा रही थी। रकम देने से मना करने पर आरोपी द्वारा फरियादी के बच्चों एवं पत्नी को उठाकर ले जाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। भय के कारण फरियादी शुजालपुर छोड़कर कन्नौद में किराए के मकान में रहने लगा। 30 अगस्त की रात्रि में हसीब अपने तीन साथियों आशिक, आरिफ एवं अशोक के साथ कार से फरियादी के किराए के मकान के सामने पहुंचा। आरोपियों द्वारा हथियार लेकर उतरकर फरियादी से अवैध रूप से 1.50 लाख की मांग की गई। फरियादी द्वारा पूर्व में राशि दिए जाने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। बीच-बचाव करने पर फरियादी की पत्नी एवं बच्चों के साथ भी मारपीट की गई तथा उसकी पत्नी एवं पुत्री को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कन्नौद में अवैध वसूली, सूदखोरी, अड़ीबाजी एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी एवं नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की गई। इसी दौरान एक कार में सवार आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हसीब उर्फ रहमान पिता शेर रहमान, आशिक पिता नासिर, आरिफ पिता आबिद एवं अशोक पिता माखन सभी निवासी भीमपुरा, शुजालपुर, जिला शाजापुर के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार खटकेदार चाकू एवं घटना में प्रयुक्त एक कार जब्त की गई। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
