
इंदौर। शहर के स्कीम नंबर 54 स्थित वी आर वन रेस्टोरेंट परिसर में संचालित मोमोज स्टेशन में कीड़े मिलने की शिकायत ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को मौके का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक मोमोज स्टेशन बंद मिला। विभाग ने मामले में संबंधित पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय को मोमोज में कीड़े मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के साथ वीडियो और फोटो भी दिए गए थे, जिनमें मोमोज में कथित तौर पर कीड़े दिखाई देने की बात सामने आई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने अगले दिन 29 अगस्त को संबंधित परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोमोज स्टेशन बंद मिला। मौके पर वी आर वन रेस्टोरेंट के संचालक सिद्धार्थ मालवीय मौजूद थे। अधिकारियों के अनुसार, मालवीय ने बताया कि परिसर में संचालित मोमोज स्टेशन सोनू पाल द्वारा चलाया जाता है और वह वर्तमान में अपने घर ललितपुर, उत्तर प्रदेश गया हुआ है।
जांच के घेरे में रेस्टोरेंट की भूमिका भी
मामले में अब एक सवाल यह भी उठ रहा है कि मोमोज स्टेशन वास्तव में किसके संचालन में है। क्या यह स्वतंत्र रूप से सोनू पाल द्वारा संचालित किया जा रहा था या वी आर वन रेस्टोरेंट प्रबंधन की भी इसमें सीधी भूमिका है? स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि कार्रवाई से बचने के लिए किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के नाम पर काउंटर संचालित होने की बात कही जा सकती है।
हालांकि, इन सवालों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खाद्य विभाग की जांच और संबंधित पक्षों के स्पष्टीकरण के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि मोमोज स्टेशन रेस्टोरेंट परिसर में रेस्टोरेंट प्रबंधन की जानकारी या निगरानी में संचालित पाया जाता है, तो मामले की जिम्मेदारी तय होने के साथ कार्रवाई का दायरा भी बढ़ सकता है।
विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शरद चंद्र साहू ने मामले में संबंधित पक्षों को निर्धारित अवधि में अपना स्पष्टीकरण उप संचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, तलावली-चांदा, इंदौर के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब विभाग के सामने शिकायत में मिले फोटो-वीडियो, मौके पर मिली स्थिति और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर यह तय करना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
