
सतना, जिले में लगातार हुई भारी वर्षा के कारण विभिन्न तहसीलों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। आपदा की इस स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने के साथ-साथ क्षति का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
434 आवासों के लिए 18.01 लाख रुपये की सहायता
बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों के आवास, वस्त्र, बर्तन एवं अन्य सामग्री की क्षति का जिलेभर में सर्वे एवं मूल्यांकन कराया गया। आरबीसी 6:4 के प्रावधानों के तहत अब तक 434 प्रभावित आवासों के लिए कुल 18 लाख 1 हजार रुपये की राहत राशि स्वीकृत कर वितरित की गई है। प्रशासन द्वारा शेष पात्र प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही निरंतर की जा रही है।
14,700 फूड पैकेट का वितरण
बाढ़ प्रभावित नागरिकों को तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न राहत शिविरों तथा प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। अब तक 14,700 फूड पैकेट बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों एवं परिवारों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, ताकि आपदा की स्थिति में किसी भी प्रभावित परिवार को भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े।
चित्रकूट सहित जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाएं
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चित्रकूट में 2,730 व्यक्तियों का व्यक्तिगत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 483 परिवारों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, जिलेभर में अब तक लगभग 6,125 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों द्वारा आवश्यकतानुसार उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।
2,368 तिरपाल वितरित
वर्षाकाल में प्रभावित परिवारों के आवास, मकान एवं दुकानों को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए 2,368 पॉलीथिन एवं तिरपाल वितरित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य लगातार जारी है।
प्रभावितों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय निकाय सहित संबंधित विभागों के अमले को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रखते हुए आवश्यकतानुसार राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन के प्रावधानों के अनुरूप सहायता शीघ्र पहुंचे तथा बाढ़ की स्थिति से उत्पन्न कठिनाइयों को न्यूनतम किया जा सके।
